मुख्य सचिव शत्रुघन सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
वीडियो कांफ्र्र्रेंसिंग के दौरान डीएम चंद्रेश कुमार यादव ने मुख्य सचिव को बताया राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रत्येक शुक्रवार को उपजिलाधिकारियों, एनएचएआई व एसएलओ की बैठक कर कार्य की समीक्षा की जा रही है। एनएच-87 के अंतर्गत 24 ग्राम प्रभावित हुए हैं। इनमें रुद्रपुर तहसील के 7 व हल्द्वानी व लालकुआं के 17 गांव शामिल हैं। सभी गांवों के अभिनिर्णय पारित हो चुके हैं। 8 गांवों को प्रतिकर धनराशि के रूप में 7.87 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है।
एनएच काशीपुर के अंतर्गत जसपुर के 16, काशीपुर के 13, बाजपुर के 2 गांव प्रभावित हुए हैं। 16 गावों को 145.25 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। 15 गावों की धनराशि अभी प्राप्त नहीं हुई है।
एनएच-74 में 54 गांव प्रभावित हो रहे हैं जिसके अंतर्गत 173.08 की धनराशि भुगतान कर दी गई है। एचएच-125 के अंतर्गत सितारगंज व खटीमा में 27 गांव प्रभावित हैं सभी में एवार्ड पारित हो चुका है। इसके लिए 95.36 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई है।
55.59 करोड़ की धनराशि वितरित की जा चुकी है। सड़क चौड़ीकरण के कार्यों में 34 किमी पेयजल लाइन को शिफ्ट करना था। अभी तक 24.5 किमी लाइन शिफ्ट की जा चुकी है। वीडियो कांफ्रेंस में देहरादून से एनएचएआई के अधिकारी व जनपद से एनएचएआई के अनुज कुमार व जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित थे।