रुद्रपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवविवाहिता का शव घर में फंदे पर लटका मिला। विवाहिता को फंदे पर लटका देख पति और ससुराली सन्न रह गए। मृतका की 17 दिन पहले ही शादी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति और परिजनों से मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 22 रंपुरा निवासी लीलाधर की शादी बीते 28 जून को पंजाबी मोहल्ला किच्छा निवासी उर्मिला उर्फ विमला (19) से हुई थी। लीलाधर कैटरिंग का काम करता है। बुधवार शाम को उर्मिला मायके से लौटी थी। बृहस्पतिवार सुबह लीलाधर सामान लेने दुकान गया था। कमरे में उर्मिला अकेली थी और ससुराली दूसरे कमरे में थे। काफी देर तक उर्मिला कमरे से बाहर नहीं निकली तो ससुरालियों ने उसे काफी आवाजें दीं लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने खिड़की की दीवार से अंदर झांका तो उर्मिला फंदे पर लटकी हुई थी। परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसे और फंदे से उर्मिला को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ससुरालियों ने पुलिस के साथ ही उर्मिला के मायके वालों को भी घटना की जानकारी दी। रंपुरा चौकी इंचार्ज अनिल जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इधर मृतका का भाई धर्मेंद्र एवं अन्य परिजन भी पहुंच गए। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ने विवाहिता ने आत्महत्या की है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। नवविवाहिता ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।
रविवार को मायके से गायब हुई थी मृतका
रुद्रपुर। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि रविवार को उर्मिला मायके किच्छा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। किच्छा के थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। लेकिन मंगलवार को वह अचानक लौट आई थी। उसने बताया था कि कोई व्यक्ति उसको नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे गढ़ मुक्तेश्वर ले गया था और कमरे में बंद कर दिया था। वह किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर आई थी। बुधवार शाम को ससुराली उर्मिला को अपने साथ ले आए थे।