यामीन अंसारी/चयन राजपूत
सितारगंज/रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में इस बार 60 हजार से अधिक लोगों ने मतदाता बनने के लिए पंजीकरण कराया है। इस आंकड़े को छूकर ऊधमसिंह नगर जिला प्रदेश में नए मतदाता पंजीकरण के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहले नंबर पर देहरादून हैं।
हालांकि 18 से 19 वर्ष के युवाओं को मतदाता बनाने के लक्ष्य 63556 के सापेक्ष जिले में निर्वाचन विभाग महज 37 फीसदी ही लक्ष्य हासिल कर सका है। अब देखना ये है कि 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लगने वाले एक दिवसीय शिविर में इस लक्ष्य को क्या पूरा किया जा सकेगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने एक महीने के लिए विशेष अभियान चलाया था। सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी आंकड़ों के तहत इस बार जिले में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए जनगणना 2011 के अनुसार 80 हजार 789 नए मतदाता बनाने का लक्ष्य रखा गया था। इस लक्ष्य में 33245 पुरुष, 47544 महिला मतदाता हैं।
इसके सापेक्ष जिले भर की सभी नौ विधानसभाओं में कुल 60 हजार 787 मतदाताओं ने निर्वाचन सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया है जो कि लक्ष्य के सापेक्ष 75.24 फीसदी है। इनमें भी सर्वाधिक रुद्रपुर विधानसभा में मतदाता बनाने के मामले में 92.8 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हुआ है। वहीं 18 से 19 वर्ष के 23,909 युवा मतदाताओं ने ही आवेदन किया है। युवा मतदाता बनाने के मामले में जिला लक्ष्य से 53 फीसदी पीछे है।
जिले में दस एनआरआई मतदाताओं ने भरा फार्म
सितारगंज। जिले में एनआरआई के लिए जारी प्रारुप-6 ए के लिए दस मतदाताओं ने आवेदन जमा किए हैं। इस आवेदन के तहत प्रवासी भारतीय नागरिक को लोकतंत्र के पर्व (चुनाव) में वोट देने का अधिकार दिया गया है। जिले से अभी तक एकमात्र नानकमत्ता विधानसभा से दस प्रवासी भारतीय नागरिक (एनआरआई) ने आवेदन किया है।
जिले में नए पंजीकरण
विधानसभा क्षेत्र- 18-19 साल 19 साल से अधिक कुल मतदाता
जसपुर 2046 4778 6824
काशीपुर 1737 4780 6517
बाजपुर 2376 4089 6465
गदरपुर 3705 4148 7853
रुद्रपुर 4796 5069 9865
किच्छा 2733 4518 7248
सितारगंज 1529 3265 4794
नानकमत्ता 2367 2786 5153
खटीमा 2620 3448 6068
कुल 23909 36881 60790
जनगणना विभाग की ओर से 80,789 नए मतदाताओं का लक्ष्य मिला था। अनुमानित 60,787 नए मतदाताओं ने आवेदन किया है, जिनकी जांच के बाद सूची तैयार की जाएगी।
-पीबी बुधलाकोटी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, ऊधमसिंह नगर।
निर्वाचन आयोग की ओर से एक से 30 नवंबर तक चलाए गए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में जिले में 60 हजार 790 नए मतदाता शामिल किए गए हैं। नए वोटरों को शामिल करने में यूएस नगर दूसरे स्थान पर है, जबकि देहरादून पहले और पौड़ी तीसरे स्थान पर है।
-डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप निर्वाचन अधिकारी व एडीएम।
बाजपुर और जसपुर के एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी
रुद्रपुर। नए वोटरों के पंजीकरण की कम गति को देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बाजपुर और जसपुर के एसडीएम को कारण बताओ नोटिस भेज दिया है। अब दोनों उप जिलाधिकारियों की ओर से नोटिस का जवाब मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग की ओर से नए वोटरों के पंजीकरण के लिए एक नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था। ऐसे में प्रत्येक विधानसभाओं को 18 से 19 वर्ष के लोग और 19 वर्ष से अधिक के नए वोटरों के पंजीकरण के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए थे।
दिए गए लक्ष्यों को पूरा नहीं करने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जसपुर और बाजपुर के एसडीएम को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। एडीएम/ उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि देहरादून मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से दोनों एसडीएम को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब न देने पर उनकी तरफ से दोबारा रिमाइंडर भेजा गया है।