पंतनगर। विवि परिसर के झा-काॅलोनी में एक युवक ने पड़ोसियों पर मारपीट करने सहित जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर पंतनगर पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किया है।
विवि परिसर के झा-काॅलोनी निवासी रोहित कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में कहा था कि उसके घर के ठीक पीछे श्रीकांत भारती, उसका पुत्र बिट्टू भारती व तेजपाल भारती रहते हैं। बीती 23 फरवरी की शाम बिट्टू आंगन में खड़ी उसकी पत्नी से अश्लील हरकत करने लगा। यह देखकर उसके भाई दीपक सिंह ने बिट्टू का विरोध किया, तो बिट्टू, श्रीकांत और तेजपाल मौके पर आ गए और उसके भाई को लात-घूसों से पीटा। उसकी पत्नी ने जब दीपक को बचाने का प्रयास किया, तो बिट्टू बदनीयती से उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ने लगा। उसका भाई व उसकी पत्नी जान बचाकर घर में भागे। इसके बाद उन तीन लोगों सहित राजकुमार व अनिल भारती भी उसके घर में जबरन घुस आए और सामान तोड़फोड़ करने लगे। उसकी मां तारा देवी बचाने आई, तो अनिल ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया, इससे वह घायल हो गईं। उसकी मां को जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां से उन्हें एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। उसने घटना वाले दिन पंतनगर थाने में शिकायती पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर 27 फरवरी को एसएसपी को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अदालत ने पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे।