पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर उत्तराखंड में पहली बार तृतीय राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता शुक्रवार से शुरू होने जा रही है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 200 दिव्यांग खिलाड़ी पहुंच गए हैं और 160 ने पंजीकरण करा लिया है। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह नौ बजे से होगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्दीकी ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ट्रांसपोर्ट कमेटी और आवास कमेटी गठित की गई हैं। खिलाड़ियों के लिए रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था उत्तराखंड ग्राम्य विकास संस्थान, स्टेडियम के बहुउद्देशीय भवन आदि में की गई है। प्रतियोगिता के बाद स्टेडियम में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिला है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बैडमिंटन कोर्ट में बहुत मेहनत की है। मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा। - शैलेष मोंडे, खिलाड़ी, महाराष्ट्र।
--
मैंने बंगलूरू में आयोजित दूसरी राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता के वर्ल्ड चैंपियनशिप ट्रायल प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। तब टॉप-10 रैंक में शामिल हुआ था। अब दूसरी बार राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिला है, काफी खुश हूं। - अभ्युदय शरन, खिलाड़ी, बिहार।