ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की नवनियुक्त प्रबंध कमेटी की प्रथम आम बैठक हंगामेदार रही। बैठक में विवाद होने की संभावना के कारण एसडीएम, सीओ के नेतृत्व में थाना पुलिस के अलावा खटीमा, रुद्रपुर की पुलिस, पीएसी के जवान तैनात रहे। सात घंटे तक चली हंगामेदार बैठक में डायरेक्टरों के नेतृत्व में दस सब कमेटियों का गठन किया गया।
रविवार को गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की नवनियुक्त प्रबंध कमेटी की पूर्व घोषित डायरेक्टरों की आम बैठक हंगामेदार रही। गुरुद्वारा साहिब सभागार के बंद कमरे में गुरुद्वारा प्रधान जसविंदर सिंह गिल की अध्यक्षता, महासचिव प्रीतम सिंह संधू के संचालन में 11:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक चली बैठक में गुरुद्वारे की देखभाल के लिए दस सब कमेटियों का गठन किया गया। बैठक में डायरेक्टरों के समर्थकों के हथियारों के साथ पहुंचने, विवाद की आशंका पर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिस ने समर्थकों, डायरेक्टरों के समर्थकों को अपने हथियार गाड़ी में रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभागार में डायरेक्टरों के अलावा किसी भी समर्थक को बैठक के आसपास फटकने तक नहीं दिया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एसडीएम सितारगंज विनोद कुमार, सीओ खटीमा हरीश मेहरा, इंस्पेक्टर खटीमा चंचल शर्मा, थाना प्रभारी सलाहउद्दीन, सिराज अहमद फारूखी के साथ ही खटीमा, रुद्रपुर पुलिस के अलावा पीएसी के जवान तैनात थे। एलआईयू इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह राठौर, एसआईओ के हेम जोशी भी पल-पल की खबर लेते रहे और बैठक पर पैनी नजर रखी।
आधा दर्जन से अधिक डायरेक्टरों ने किया बहिष्कार
रविवार को गुरुद्वारा सभागार में गुरुद्वारा प्रबंध समिति की हंगामेदार बैठक में मनमानी का आरोप लगाते हुए छह से अधिक डायरेक्टरों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। डायरेक्टरों ने आरोप लगाया कि कई प्रस्ताव में उनके फर्जी दस्तखत किए गए हैं। बहिष्कार करने वालों में परगट सिंह, हरभाग सिंह, धन्ना सिंह, जरनैल सिंह, हरचंद सिंह, महेंद्र सिंह आदि थे।
पुलिस तैनात कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास : संधू
बैठक समाप्त होने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रबंध कमेटी के महासचिव प्रीतम सिंह संधू ने कहा कि गुरुद्वारा डायेक्टरों की बैठक में प्रशासन ने किसके कहने पर पुलिस तैनात की, इसकी जानकारी उनको नहीं है। कहा कि मीटिंग में गुरुद्वारे के विकास के लिए प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी। पुलिस तैनात कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि कोई भी पदाधिकारी बिना प्रस्ताव पारित किए कोई कार्य नहीं करवा सकता। कहा कि लंगर हॉल को बड़ा करने, बालिका इंटर कॉलेज, प्राइमरी पाठशाला के पुनर्निर्माण के लिए नक्शा, इस्टीमेट बनाने, अधूरे यात्री निवास, गुरुनानक इंटर कॉलेज के शीघ्र निर्माण करने आदि के प्रस्ताव पास किए गए।