गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की 27 सदस्यीय प्रबंध कमेटी के हो रहे चुनाव के 8 वें चरण में राय सिख सुरक्षित सीट पर छह दावेदारों ने नाम वापस लिए। इसके बाद तराई सिंह महासभा के जिलाध्यक्ष केहर सिंह तथा मेहताब सिंह के बीच सीधा चुनावी मुकाबला हो गया है। वहीं, खटीमा के डायरेक्टर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। दोनों सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शत-प्रतिशत मतदान हुआ।
उच्च न्यायालय के आदेश पर 18 वर्षों बाद प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की 27 सदस्यीय प्रबंध कमेटी के हो रहे चुनाव के 8 वें चरण में राय सिखों के लिए सुरक्षित हलका नंबर 16 नानकमत्ता की सीट पर 8 दावेदारों ने दावेदारी की थी। चुनाव से पूर्व सेटिंग गेटिंग के तहत छह अन्य दावेदारों के नाम वापसी के चलते चुनावी मुकाबला केहर सिंह व मेहताब सिंह के बीच सिमट कर रह गया। 39 डेलीगेटों में से सभी ने अपने मतों का प्रयोग किया।
हलका नंबर 17 खटीमा की डायरेक्टर सीट पर सेवा सिंह, बलजीत सिंह व जोगेंद्र सिंह के बीच हुए त्रिकोणीय मुकाबले में सभी 30 डेलीगेट मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। चुनावी समर के चलते डायरेक्टरों के समर्थक भारी संख्या में गुरुद्वारा परिसर में पहुंचे। परिसर में धारा 144 लागू होने के चलते पुलिस ने सख्ती बरतते हुए सभी समर्थकों को गुरुद्वारा परिसर से दूर रहने की चेतावनी देते हुए वहां से खदेड़ दिया।