गदरपुर। बाईपास पर हुई फायरिंग की घटना में घायल पक्ष की ओर से कोतवाली में आठ नामजदों सहित आठ-दस अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्राम बेरिया दौलत पक्का फार्म निवासी सहजपाल सिंह की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि बीते रविवार की शाम करीब 5:50 बजे गुरशरण उप्पल उर्फ गगन अपने साथियों के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरदार नगर क्षेत्र में दो वाहनों से आए आरोपियों ने उनकी कार को घेर लिया और हमला कर दिया।
आरोपियों ने पहले लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। जान बचाने के लिए भाग रहे गुरशरण उप्पल पर कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग की गई जिसमें एक गोली उनके पैर में लगी। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाद में जिला अस्पताल रुद्रपुर से हायर सेंटर रेफर किया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। तहरीर में कहा गया है कि बीती पांच जुलाई, आठ जुलाई और 14 जुलाई को भी आरोपियों की ओर से फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने की घटनाएं हुई थीं जिनकी सूचना पुलिस को दी गई थी।
इधर, सोमवार को जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम ने सरदारनगर अंडरपास पर सर्विस लेन पर हुई फायरिंग के मामले की जांच के लिए घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। टीम ने घटनास्थल और आसपास की झाड़ियों और खेत का गहनता से निरीक्षण करते हुए जांच पड़ताल की।
कोट
फायरिंग मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। - अखलेश कुमार, सीओ बाजपुर/गदरपुर