गदरपुर। नगर पालिका परिषद गदरपुर में आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 25,86,22,800 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। बृहस्पतिवार को पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में नगर के विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से सफाई उपकरणों की खरीद के लिए बजट का प्रावधान किया गया। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया को भी मंजूरी दी गई।
पालिका अध्यक्ष गुंबर ने कहा कि बोर्ड के सहयोग से नगर में विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे और सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि ठेकेदारों के माध्यम से समयबद्ध तरीके से कार्य पूरे कराए जाएंगे।
बैठक में नगर में सौंदर्यीकरण और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्य मार्गों सकैनिया रोड, महाराणा प्रताप रोड, रिमझिम रोड और शिवनगर रोड पर विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आरसीसी नालियों के निर्माण पर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान नगर में राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई जिसे एक सराहनीय पहल बताया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया गया। बैठक में ईओ कैलाश सिंह पटवाल, सभासद मुकेश चावला, रमन छाबड़ा, परमजीत सिंह, सचिन गुप्ता, विनीता चौधरी, नरगिस और शबाना आदि मौजूद रहे।