खटीमा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर ) के महोफ रेंज में घायल बाघिन दिखने के बाद सुरई रेंज के जंगलों में वन विभाग ने छह ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं।
बुधवार को सुरई रेंज की टीम ने महोफ रेंज के वनकर्मियों के साथ घायल बाघिन को रेस्क्यू करने के लिए अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
उत्तर प्रदेश की सीमा पर महोफ रेंज में ट्रैप कैमरों में पिछले कुछ दिनों से एक घायल बाघिन दिख रही है। इसको लेकर रेस्क्यू अभियान चल रहा है। महोफ रेंज के तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी की सुरई रेंज से सटे होने के कारण यहां की टीम भी रेस्क्यू अभियान में शामिल हो गई है।
घायल बाघिन के सुरई रेंज के जंगलों में प्रवेश करने की संभावना को देखते हुए यहां भी छह ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से घायल बाघिन की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हालांकि अभी सुरई रेंज के इन कैमरों में घायल बाघिन नहीं दिखाई दी है।