फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी ने गरीबी देखी, जानते हैं गरीब हित में काम करना: कोश्यारी

Fri, 27 May 2016 12:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
कार्यक्रम मौजूद सांसद और अन्य - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से विकास की नई उड़ान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें केंद्र सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाई गई। इस दौरान लोगों से केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आहवान किया गया। 
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को ग्राम मिस्सरवाला स्थित एक हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि 30 साल बाद पूरे बहुमत से केंद्र में सरकार आई। दो साल में सूखा, अतिवृष्टि सहित इतनी परेशानियां आई, जो पहले कभी नहीं आई। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से किए वादे पूरे करने पर काम जारी रखा। वादे करना सरल है, मगर निभाना कठिन। 

तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा 1971 में दिया था, लेकिन आज तक गरीबी नहीं हटी। प्रधानमंत्री मोदी ने बचपन में गरीबी देखी है, इसलिए उन्हें पता है कि गरीबों के लिए काम करना है। वे चाहते हैं कि गरीब का आदर बढ़े। देश मेें जल्द से जल्द संपन्नता आए। उन्होंने कहा कि जल्द ही काशीपुर से धामपुर तक रेल लाइन बनने वाली है। उन्होंने केंद्र सरकार की कई योजनाओं की जानकारी दी। 
विज्ञापन


विधायक हरभजन सिंह चीमा ने कहा कि मोदी सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में जुटी है। हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कहा कि दो साल में प्रधानमंत्री मोदी ने 52 से अधिक योजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही 40 देशों की यात्रा की है। शायद ही कोई दूसरा प्रधानमंत्री होगा, जिसने इतने कम समय में इतनी योजनाएं लागू की होंगी। प्रधानमंत्री विकास के साथ ही संस्कृतियों को भी आगे बढ़ा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि जसपुर क्षेत्र में 40 फीसदी लड़कियां और 60 फीसदी लड़के पैदा हो रहे हैं। यह स्थिति अच्छी नहीं है। मेयर ऊषा चौधरी ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को साफ सुथरा रखना होगा। इस मौके पर पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के ज्वाइंट डायरेक्टर प्रकाश थपलियाल, मोहन बिष्ट, जेएस नरूला, तस्लीम अहमद, इस्माइल, संदीप, मनोज सहित अनेक मौजूद रहे। 

डॉ. सिंघल को अभी विधायक ही कहो
सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने संबोधन में कई बार चुटकियां ली। उन्होंने क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय के ज्वाइंट डायरेक्टर प्रकाश थपलियाल की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने अंग्रेजी में 20 किताबें और हिंदी में न जाने कितनी किताबें लिख डाली हैं। इन किताबों को कई पीढ़ियां पढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि विधायक और पूर्व विधायक एक भी किताब नहीं लिख पाए है, बेकार हैं। 

विधायकों को जनता जल्दी भूल जाएगी, मगर किताब लिखने वाले को याद रखेगी। उन्होंने शैलेंद्र मोहन सिंघल के बारे में कहा कि इन्हें पूर्व विधायक नहीं बल्कि विधायक ही कहो। इसके अलावा जनता से कहा कि वोट मांगने आने वाले नेताओं को पकड़कर उनसे काम भी कराओ। कोई भी काम कराने के लिए विधायक या पूर्व विधायक को पकड़ो। 

माफियाओं से घिरे हैं हरीश रावत: कोश्यारी 
सांसद कोश्यारी ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि रावत भू, शराब माफिया से घिर गए हैं। जिस दिन सरकार सदन में हार गई थी, उसी दिन हरीश रावत को इस्तीफा दे देना चाहिए था। स्टिंग ऑपरेशन से पूरे प्रदेश की नाक कटी है। सांसद तरुण विजय पर हमले के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस घटना से हरीश रावत को कोई फर्क नहीं पड़ा है। सारी नैतिकता भूलकर वे कुर्सी से चिपके हुए हैं। मीडिया पर पाबंदी लगाने को उन्होंने तानाशाही करार दिया। 

लोक कलाकारों ने बांधा समां
बैंकेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। कलाकारों ने राजस्थानी और पहाड़ी लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा उभरते सूफी गायब सरबजीत और उनकी टीम ने गीतों से लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें