पंतनगर एयरपोर्ट में एंटी-हाइजैकिंग ड्रिल करता सुरक्षा दस्ता।
पंतनगर। पंतनगर एयरपोर्ट में योजनाबद्ध तरीके से एंटी-हाइजैकिंग माॅकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें संभावित खतरों से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों की तैयारी और समन्वय को परखा गया।
एयरपोर्ट निदेशक मोनिका डेम्बला ने बताया कि एंटी-हाइजैकिंग ड्रिल का उद्देश्य हाइजैकिंग की स्थिति में पंतनगर हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था की तत्परता का मूल्यांकन और सुधार करना था। यह ड्रिल विमानन सुरक्षा के लिए किसी भी संभावित खतरे का त्वरित और प्रभावी ढंग से जवाब देने के लिए सभी संबंधित कर्मियों और एजेंसियों को सुनिश्चित करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी और एटीसी अधिकारियों ने कमांड सेंटर से स्थिति का प्रबंधन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य हवाई अड्डा सुरक्षा अधिकारी और एसपी सिटी ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विशेष इकाइयों को तैनात करते हुए सामरिक प्रतिक्रिया का नेतृत्व किया। ड्रिल में अधिकारियों ने सिमुलेटेड हाइजैकरों के साथ बातचीत करते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और अंत में बंधकों को सकुशन छुड़ा लिया। सभी भाग लेने वाले अधिकारियों और विभागों को उनकी त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी समन्वय के लिए सराहा गया। तीन घंटे चली इस डाॅकड्रिल में एसडीएम, एसपी सिटी, एयरपोर्ट निदेशक व मुख्य एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी, एयरपोर्ट अन्य अधिकारी व कर्मचारी, बीसीएएस के अधिकारी और सीएमओ सहित सभी विभागों के प्रभारी शामिल थे।