पंतनगर के शांतिपुरी में हुई चोरी का खुलासा विवादों में उलझ गया है। पीड़ित ने चोर से बरामद हुए सामान को अपना मानने से इनकार कर दिया है। इसी मुद्दे पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी से मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
सोमवार को पीड़ित परिवार के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचे विधायक बेहड़ ने कहा कि पुलिस ने चोरी का खुलासा तो कर दिया लेकिन पीड़ित का दावा है कि बरामद किया गया सामान उनका है ही नहीं। पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक हैं जिनके घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी हुई थी। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से दिखाई गई बरामदगी वास्तविक चोरी हुए सामान से मेल नहीं खाती।
ऐसे में सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी को सफल खुलासा नहीं माना जा सकता। विधायक ने मांग की कि आरोपी को दोबारा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाए और वास्तविक सामान बरामद किया जाए। विधायक ने कहा कि एसएसपी ने मामले की दोबारा जांच के लिए 15 से 20 दिन का समय मांगा है। अगर तय अवधि में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
बेहड़ का आरोप- कई मामलों में एफआईआर नहीं कर रही पुलिस
विधायक बेहड़ ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस एफआईआर दर्ज करने से भी बच रही है। उन्होंने लालपुर और आजादनगर चौकी क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
आप फोन नहीं उठाते, मैं राज्य आंदोलनकारी हूं... कप्तान बोले- राजनीति मत करो
पुलिस कार्यालय में शांतिपुरी में हुई चोरी का सही तरीके से खुलासा करने की मांग पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ पहुंचे राज्य आंदोलनकारी और कांग्रेस नेता गणेश उपाध्याय की तीखी नोकझोंक हो गई। उन्होंने कप्तान से कह दिया कि आप न फोन उठाते हैं और ना ही बात करते हैं। मैं राज्य आंदोलनकारी हूं। एसएसपी ने गणेश उपाध्याय से बोला कि मैं बात सुनने के लिए ही आया हूं। आप राजनीति मत कीजिए। काफी देर तक दोनों के बीच बहस के बाद विधायक तिलकराज बेहड़ ने खुलासे को लेकर बात करनी शुरू की।
हॉटटॉक
आप फोन नहीं उठाते न ही बात करते हो। कोई बात होती है तो आपके पास आते हैं- उपाध्याय
अभी आए हैं तो बात सुनने के लिए ही तो यहां पर खड़ा हूं- एसएसपी
हम सम्मान की बात कर रहे हैं, मैं भी आपके सम्मान की बात कर रहा हूं, राज्य आंदोलनकारी रहा हूं मैं- उपाध्याय
आपने कहा वहां बात करेंगे तो वहां बात की, आपने कहा यहां बात करेंगे तो मैं यहां खड़ा हूं- एसएसपी
मैं आपसे लड़ाई नहीं लड़ रहा हूं, मैं भी आपसे सम्मान की बात कर रहा हूं। आपको सुनना पड़ेगा- उपाध्याय
मैं भी यहां पर बात करने के लिए खड़ा हूं और आपकी बात सुनने ही आया हूं-एसएसपी
फोटो- 09पी- रुद्रपुर के पुलिस कार्यालय में एसएसपी से मुलाकात करते किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़। संवाद