रुद्रपुर। जिले की नौ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 45 करोड़ मंजूर कर दिए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक विधायक को आगामी वित्तीय वर्ष 2025–26 में अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये की निधि मिल गई है। इसके लिए सभी विधायकों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसमें विधायक धार्मिक स्थलों पर 50 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले की रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज, नानकमत्ता और किच्छा विधानसभा के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसमें 78 प्रतिशत निधि सामान्य वर्ग के लिए, 19 प्रतिशत अनुसूचित जाति और तीन प्रतिशत अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए निर्धारित की गई है। इस निधि से विधायक शिक्षा, रास्ते, सड़क निर्माण सहित धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए खर्च कर सकते हैं। धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये तक विधायक अपनी निधि से दे सकते हैं। वहीं महिला मंगल दल को 40 लाख रुपये तक दिया जा सकता है। विधायक निधि जारी होते ही प्रशासन की तरफ से सभी विधायकों को पत्र जारी कर विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। विधायकों की तरफ से आए प्रस्तावों के आधार पर ही निधि खर्च की जाएगी।
सीडीओ, मनीष कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विधायक निधि के रूप में 45 करोड़ रुपये जिले की नौ विधानसभाओं के विकास के लिए जारी कर दी गई है। सभी विधायकों को पत्र जारी कर उनके विकास कार्य के प्रस्ताव मांगे गए हैं।