रुद्रपुर। लापता लोगों की खोजबीन के लिए गठित की गई स्माइल टीम ने संदिग्ध हालात में घर से लापता एक युवती को मुजफ्फरनगर से बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस बरामद युवती को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। रुद्रपुर के खेड़ा क्षेत्र से एक युवती 24 मई को संदिग्ध हालात में अपने घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवती का पता नहीं चला तो परिजनों ने कोतवाली में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामला संज्ञान में आने पर स्माइल टीम के नोडल अधिकारी सीओ हिमांशु शाह ने स्माइल टीम को युवती की खोजबीन में लगा दिया। कुछ ही समय बाद युवती की लोकेशन उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में मिली। इसके बाद तलाश में जुटी टीम युवती को मुजफ्फरनगर से सकुशल रुद्रपुर ले आई। सीओ का कहना है कि युवती अपने परिजनों से नाराज होकर मुजफ्फरनगर चली गई थी और वहां पर नौकरी की तलाश कर रही थी। युवती का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल युवती के परिजनों को उसकी बरामदगी की सूचना दे दी गई है।