20 दिन से लापता खनन कारोबारी के रसोइये का शव सड़ीगली हालत में जंगल से बरामद हुआ है। परिजनों ने शव के पास मिले कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजदिया है।
रविवार देर शाम पीपल पड़ाव रेंज अन्तर्गत पड़किया में गश्त कर रहे वनकर्मियों ने सड़ा गला शव देखा। उन्होंने तत्काल गूलरभोज चौकी पुलिस को सूचना दी। चौकी इंचार्ज अनिल आर्य मौके पर पहुंच गए। कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त ग्राम रेहटा बाजपुर निवासी नारायण सिंह और किशन सिंह ने अपने लापता भाई पूरन सिंह के रूप में की। नारायण सिंह ने बताया कि उसका भाई पूरन खनन कारोबारी जसविंदर सिंह के फार्म में खाना बनाता था।
वह दीपावली से पहले से गायब था। जिसकी गुमशुदगी 23 नवंबर को गूलरभोज चौकी में दर्ज कराई गई थी। उन्होंने अपने भाई की हत्या की आशंका जताई। बताया जा रहा है कि लापता होने से पहले मृतक ने 12 हजार रुपये का वेतन फार्म स्वामी से लिया था। वेतन लेने के बाद से ही वह लापता हो गया था। परिजनों ने गूलरभोज का जंगल भी छाना था, लेकिन पूरन का पता नहीं चल पाया था। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ गल गया था। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शिनाख्त की थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिसके बाद इस संबंध में आगे कार्रवाई हो सकेगी।