वन कर्मीयों को लाठी लेकर दौडाता खनन तस्कर।
- फोटो : amar ujala
अवैध खनन में लिप्त ट्रक पकड़ कर ले जा रही वन विभाग की टीम पर खनन माफिया ने शक्तिफार्म रोड पर हमला बोल कर चार वन कर्मियों को घायल कर दिया। खनन माफिया वन विभाग की टीम से ट्रक छुड़वा कर ले जाने में कामयाब हो गए। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल वन कर्मियों का मेडिकल करवाकर पुलभट्टा थाने में मामले की तहरीर दी है।
शनिवार दिन में वन दरोगा संतोष सिंह विभाग के वन आरक्षियों के साथ विभाग की जीप संख्या यूके 07जीए0238 पर सवार होकर गश्त पर थे। टीम ने डंपी फार्म के निकट उपखनिज ले जाता हुआ ट्रक संख्या यूपी 25 सीटी 2832 पकड़ लिया। वन दारोगा टीम के साथ ट्रक को शक्तिफार्म रोड पर बनी वन चौकी ले जाने लगे। इसी बीच देवभूमि स्कूल के निकट जीप और बाइकों पर सवार दस पंद्रह बदमाशों ने टीम पर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि सभी हमलावर अपने हाथों में लाठी डंडे लिये हुए थे हमलावरों ने वन विभाग की टीम से ट्रक को छुड़वा लिया। इस दौरान मारपीट में वन दरोगा संतोष सिंह, वन आरक्षी पान सिंह मेहता, गोपाल सिंह जीना, ललित मोहन हर्बोला घायल हो गए। सूचना पर रेंजर चंदन सिंह अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल वन कर्मियों का मेडिकल करवाया।
मामले की तहरीर थाने में दी गई है। देर शाम पुलभट्टा थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि टीम के संतोष सिंह ने सात लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया कि धारा 323,332,504 के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। घटना के समय विभाग की जीप में वन दारोगा संतोष सिंह, वन आरक्षी पान सिंह मेहता, गोपाल सिंह जीना, ललित मोहन हर्बोला, हरीश नयाल, नीरज रावत, हिमांशु और चालक चंदन नेगी थे।