झनकट। झनकट में मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र योजना के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग की ओर से 32 लाख रुपये की लागत से स्थापित की गई एनआरएलएम मिनी तेल मिल यूनिट पिछले एक साल से बंद पड़ी है। इस यूनिट का संचालन ठप होने से ग्रामीणों को संभावित रोजगार से वंचित होना पड़ रहा है।
यूनिट का शिलान्यास नौ नवंबर 2021 को किया गया था, ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार का अवसर मिल सके, लेकिन जुलाई 2024 में आई बाढ़ के दौरान यूनिट में पानी भर गया, जिससे मशीनों में मिट्टी की मोटी परत जम गई। दुर्भाग्यवश, तब से आज तक न तो मशीनों की सफाई करवाई गई और न ही किसी स्तर पर इसके दोबारा संचालन की दिशा में कोई गंभीर प्रयास किए गए। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ सरकार बड़े-बड़े दावे करती है कि सीमांत इलाकों में स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाएगा, लेकिन धरातल पर योजनाएं लापरवाही की भेंट चढ़ रही हैं। लोगों ने यूनिट की मशीनों को ठीक करवाकर इसका संचालन शुरू करने की मांग की है।