वाणिज्य कर सचल दल टीम ने माल से लदे दो ट्रकों को पकड़कर उनमें घोषित माल के अतिरिक्त माल बरामद किया है। इससे डेढ़ से दो लाख रुपये की कर चोरी का अनुमान है।
रविवार को डिप्टी कमिश्नर नीरज कुमार के आदेश पर सचल दल के असिस्टेंट कमिश्नर केके पांडे ने टीम के साथ हरियावाला चौक से दो ट्रक एचआर 38एल-6982 एवं यूके06सीए-1957 को पकड़ा ट्रकों में जूते, चप्पल, तराजू, मेट आदि सामान भरा था। टीम ने दोनों ट्रकों को धर्मपुर चेक पोस्ट पर लाकर पड़ताल की तो ट्रकों में घोषित माल के अतिरिक्त माल भरा था। इनका जिक्र बिल में नहीं किया गया था।
के.के पांडे ने बताया कि ट्रकों में भरे सामान का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है तथा माल की कीमत निकाली जा रही है। बताया कि प्रथमदृष्टया माल के जरिए करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की कर चोरी का अनुमान है। डिप्टी कमिश्नर नीरज कुमार ने बताया कि ट्रकों में दिल्ली से उत्तराखंड माल लाया जा रहा था। टीम में वाणिज्य कर अधिकारी जसपुर उमेश दुबे, अनिल चौहान, बाजपुर के असद अहमद, काशीपुर के वाणिज्य कर अधिकारी अविनाश झा शामिल रहे।