काशीपुर में गैराज कार्यालय में बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
चोरों ने एनएच रामनगर मार्ग पर स्थित एक ट्रैक्टर गैराज के शटर का ताला तोड़कर लाखों की नकदी, मोबिल ऑयल और स्पेयर पार्ट्स साफ कर लिए। चोर इतने शातिर थे कि वह संस्थान में लगे पांच सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उड़ा ले गए।
बुधवार की रात चोरों ने रामनगर मार्ग पर अन्नया रिसोर्ट के समीप श्री गुरुनानक देव ऑटोमोबाइल नामक गैराज के शटर का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और सामान साफ कर लिया। यह गैराज दो मंजिला है। दोनों मंजिलों का तकरीबन बीस फिट ऊंचा एक ही शटर है। जो लीवर से खुलता है। चोर गैराज के बाहर और पीछे लगे तीन और गैराज के अंदर लगे दो सीसीटीवी कैमरे उतारकर ले गए। एक कैमरा मौके पर ही तोड़ गए। इसके अलावा चोर शटर के ताले तोड़कर गैराज के दूसरी मंजिल में बने ऑफिस में रखी अलमारी और मेज की दराज तोड़कर एक लाख 35 हजार रुपए निकाल कर ले गए।
गैराज के मालिक रंजीत सिंह ने बताया कि वह बुधवार की रात गैराज बंदकर घर गया। गैराज में कोई नहीं रहता है। बृहस्पतिवार को सुबह वह गैराज खोलने आया तो शटर के ताले टूटे और शटर उठा हुआ मिला। गैराज के अंदर और कार्यालय में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों के पल्ले तोड़कर खोले गए थे। चोर डीबीआर, चार सीसीटीवी कैमरे, एक बड़ी एलईडी, 1.35 लाख की नकदी, स्पेयर पार्ट्स, मोबिल ऑयल के दस कार्टून ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई। कटोराताल चौकी प्रभारी एमसी जोशी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।