जिले में रविवार को अधिकतम तापमान शनिवार के मुकाबले 0.9 डिग्री नीचे रहा लेकिन लू ने लोगों को बेहाल किया। लू से बचने के लिए लोग मुंह को कपड़े से ढंककर चलते नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार को भी इसी तरह गर्मी रहेगी। रुद्रपुर में सुबह करीब नौ बजे से ही तेज धूप के कारण उमस बढ़ गई थी।
दोपहर होते-होते लू चलने के कारण लोग बेहाल नजर आए। रुद्रपुर मुख्य बाजार और नैनीताल हाइवे पर लोग धूप से बचने के लिए मुंह को कपड़े से ढंककर वाहन चलाते नजर आए। महिलाएं चेहरे को कपड़े से ढंकने के साथ ही छाता के साथ गुजरती नजर आईं। लोग गर्मी से बचने के लिए गन्ने के जूस और नारियल पानी पीते हुए भी नजर आए।
क्रीम वाला नारियल पानी 50 रुपये और सामान्य पानी वाला नारियल 40 रुपये का बिक रहा है। रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर भी दोपहर के समय यात्री गर्मी से परेशान नजर आए। यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था न होने से लोगों में रोडवेज प्रबंधन के खिलाफ गुस्सा देखने को मिला। पंतनगर कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 39.5 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा।
गर्मी से काशीपुर और खटीमा वाले भी परेशान
काशीपुर/खटीमा। अप्रैल में ही तपिश भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय लू चलने से बाहर निकलने वालों का हाल बेहाल है। काशीपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों से बचने के लिए घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को सिर व चेहरा ढंकना पड़ रहा है।
इधर, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि गर्मी के चलते शरीर में पानी की कमी से उल्टी-दस्त, वायरल बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉ. शर्मा ने लोगों को धूप से बचने, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करने और रसदार फलों का सेवन करने की सलाह दी है।
इधर, सीमांत क्षेत्र खटीमा। में रविवार को भी दिन भर गर्म हवा चलीं लेकिन तापमान में शनिवार की तुलना में एक डिग्री की गिरावट आई। अधिकतम तापमान 39.50 डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री पर ही रहा। जीआईसी मौसम केंद्र के प्रभारी नरेंद्र रौतेला ने बताया कि अभी कुछ दिन और गर्मी का प्रकोप रहने की संभावना है।
जिले में पिछले एक सप्ताह का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
21 अप्रैल 35 डिग्री से. - 18 डिग्री से.
22 अप्रैल - 36 डिग्री से. - 18 डिग्री से.
23 अप्रैल - 37 डिग्री से. - 19 डिग्री से.
24 अप्रैल - 36.1 डिग्री से. - 21.4 डिग्री से.
25 अप्रैल - 38.4 डिग्री से. - 22.9 डिग्री से.
26 अप्रैल - 40.4 डिग्री से. - 22 डिग्री से.
27 अप्रैल - 40.5 डिग्री से. - 18.9 डिग्री से.