फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पालिकाध्यक्ष पर प्रस्ताव सुने बिना बैठक खत्म करने का आरोप, सभासदों ने काटा हंगामा

विज्ञापन
गदरपुर के नगर पालिका सभागार में होती बोर्ड बैठक। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
नगर पालिका कार्यालय में लंबे समय बाद हुई बोर्ड बैठक भी सवालों के घेरे में आ गई। चार प्रस्तावों पर चर्चा के बाद पालिकाध्यक्ष बैठक खत्म कर कार्यालय से चले गए। इससे नाराज सभासदों ने हंगामा करने के साथ ही पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी कर उनका पुतला फूंका। उन्होंने पालिकाध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। पालिकाध्यक्ष ने प्रस्तावों को अवैधानिक बताते हुए बैठक समाप्त करने की बात कही।
विज्ञापन

सोमवार को पालिका कार्यालय में पालिकाध्यक्ष गुलाम गौस की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक की गई। इसमें 11 में से 10 सदस्य शामिल हुए थे। इसमें पालिकाध्यक्ष की ओर से रखे गए चार प्रस्तावों में शामिल जलभराव निस्तारण, कोविड-19 में प्राप्त धनराशि के खर्च, कूड़ा एकत्र करने के लिए भूमि खरीद और विभिन्न विकास कार्य कराने को लेकर चर्चा की गई। चर्चा के बाद जब सभासदों ने अपने प्रस्ताव रखने की अनुमति मांगी तो पालिकाध्यक्ष ने मना कर दिया। इससे नाराज सभासदों ने पालिकाध्यक्ष पर मनमानी करने का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया।
इस पर पालिका अध्यक्ष ने बोर्ड बैठक को समाप्त कर दिया। इसके बाद सभासदों ने सभागार से बाहर आकर पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी कर मुख्य बाजार में पुतला फूंका। उनका आरोप था कि बोर्ड की बैठक में तमाम वार्डों में होने वाले विकास कार्यों की अनदेखी की गई और उनकी समस्याओं को नहीं सुना गया। उनके द्वारा दिए प्रस्ताव में सभासदों के बैठने के लिए सुचारू व्यवस्था करने के साथ ही ठेकेदारों से कराए कार्यों की जांच की मांग की गई। वहां सभासद परमजीत सिंह पम्मा, मनोज गुंबर, अमरजीत सिंह, रोहित कुमार सुदामा, जुनैद अंसारी, मीनाक्षी, विनीता चौधरी मौजूद थे।
विज्ञापन

इधर पालिकाध्यक्ष गौस ने कहा कि सभासदों की मांग पर नगर के विकास के लिए चार बिंदुओं पर बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी। इसके बाद सभासद हंगामा करने लगे। कहा कि अगर सभासद भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित कर देंगे तो वह इस्तीफा दे देंगे। इधर ईओ हरिचरण सिंह ने कहा कि बोर्ड बैठक में चार बिंदुओं पर शांतिपूर्वक चर्चा हुई थी। इसके बाद अध्यक्ष ने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए बोर्ड बैठक को खत्म कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें