विधायक शिव अरोरा ने अधिकारियों संग निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने शनिवार को अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने के बाद मेडिकल कॉलेज के निर्माण की उम्मीद जगी वरना लोगों को लगता था कि यह मेडिकल कॉलेज सिर्फ चर्चा में रह जाएगा। निरीक्षण के बाद विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। वर्ष 2026 तक कॉलेज में एमबीबीएस कक्षाएं शुरू हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल, पेयजल विभाग के ईई और कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों के साथ निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था ने मैप के माध्यम विधायक को एडमिन ब्लॉक, ऑफिस, कक्षा परिसर, होस्टल, लैब ब्लॉक के निर्माण की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि गुणवत्ता के साथ कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि एनएमसी (नेशनल मेडिकल काउंसिल) में रजिस्ट्रेशन कराने की अवधि दिसंबर 2025 है। उसके बाद जून 2026 में टीम सर्वे के लिए आएएगी।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में 245 नर्सों की नियुक्ति पहले ही चुकी है। दिसंबर दूसरे सप्ताह में 50 डॉक्टरों की नियुक्ति मेडिकल कॉलेज में हो जाएगी जिसमें एमडी और एमबीबीएस डॉक्टर मिलेंगे। निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, बंगाली महासभा प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार शाह, पार्षद निमित्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, जितेंद्र संधू आदि मौजूद रहे।
चार दिसंबर को सीएम करेंगे निरीक्षण
विधायक ने बताया कि चार दिसंबर को सीएम पुष्कर सिंह धामी का रुद्रपुर दौरा प्रस्तावित है। सीएम स्वयं मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवनों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेंगे।