काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने बताया कि उन्होंने अपने 60 दिन के कार्यकाल में 63 करोड़ 17 लाख रुपयों से 505 सड़कें व नालियों के निर्माण कार्य शुरू करवाएं हैं। इसमें तीसरे चरण में 22 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से 227 सड़कों की निर्माण प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सोमवार को नगर निगम सभागार में प्रेसवार्ता करके महापौर बाली ने 60 दिनों में अपनी उपलब्धियां बताईं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के सहयोग के चलते महापौर के रूप में उनके अब तक के 60 दिन के कार्यकाल में प्रथम एवं द्वितीय चरण में 40 करोड़ 43 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाली नालियों सहित 275 सडकों का निर्माण कार्य धरातल पर गतिमान है। अपने कार्यकाल के 60 दिन पूरे होने पर तीसरे चरण में 22 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से 227 सड़कों की निर्माण प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु से पूर्व नगर व ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें नाली एवं पुलिया बनी नजर आएंगी। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके चलते दो हजार लाइटें और खरीदी जा रही हैं।
इन्होंने किया स्वागत
महापौर दीपक बाली के कराए गए 63 करोड़ रुपये के कार्यों से खुश होकर काशीपुर डेवलपमेंट फोरम, धर्म यात्रा महासंघ, हिंदू राष्ट्र शक्ति, बार एसोसिएशन, देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल पंजाबी रामलीला कमेटी ने नगर निगम सभागार में उन्हें प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहां मुक्ता सिंह, राहुल पैगिया, पार्षद अनीता कंबोज,
दीपा पाठक, वैशाली गुप्ता, राशिद फारुकी, मयंक मेहता, अशोक सैनी शाह रहे।