खटीमा। खटीमा में महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक टॉयलेट में शनिवार को पानी का कनेक्शन लग गया। सोमवार से शौचालय का संचालन शुरू होने की संभावना है।
अमर उजाला ने 28 मई के अंक में एक माह बाद भी पिंक टॉयलेट के लिए नहीं मिला पानी का कनेक्शन शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए जल संस्थान व नगर पालिका ने मिलकर शनिवार को पानी के कनेक्शन का कार्य शुरू कर दिया। बता दें कि सितारगंज मार्ग के किनारे सीएसआर मद से महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण किया गया है।
करीब एक माह पहले नगर पालिका और प्रशासन ने इस शौचालय का शुभारंभ किया था, लेकिन शुभारंभ के एक माह बाद भी शौचालय में ताला लटका हुआ था, जिसके चलते महिलाओं को इस शौचालय का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
अब सोमवार से शौचालय शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर पालिका की ओर से शौचालय की साफ सफाई के लिए कर्मचारी तैनाती की जाएगी।