क्षेत्रवासियों को नैनीताल जाने के लिए सीधी सेवा नहीं होने से दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। परिवहन निगम की मैक्स कैब का नैनीताल के लिए सीधा संचालन शुरू हो गया है।
रोजाना चार मैक्स कैब नैनीताल के लिए यात्रियों को लाएंगी और ले जाएंगी। हालांकि पहले दिन कोई भी कैब गंतव्य के लिए नहीं गई। इसके अलावा रामनगर डिपो को भी पर्वतीय क्षेत्रों में संचालन के लिए निगम की तरफ से तीन मैक्स कैब उपलब्ध कराई गई हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में जिन जगहों पर रोडवेज सेवा नहीं है, वहां के लिए निगम ने मैक्स कैब के संचालन का प्रयोग किया है। जिसके तहत विभिन्न डिपो में मैक्स कैब दी गई हैं। मैक्स कैब के मालिक और निगम के बीच संचालन के लिए वर्ष 2021 तक अनुबंध हैं।
मैक्स वाले को निगम पर्वतीय मार्ग पर 5.50 पैसे प्रति किलोमीटर, मैदानी मार्ग पर 4.50 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करेगा। डीजल के लिए 10 किलोमीटर प्रति लीटर पर्वतीय और 12 किलोमीटर प्रति लीटर मैदानी में देय होगा।
काशीपुर से नैनीताल के लिए निगम की कोई सेवा नहीं थी। कई साल पहले नैनीताल के लिए चलने वाली रोडवेज बस खराब हो गई थी जिसके बाद से सेवा को ही बंद कर दिया गया था। लेकिन अब निगम के नए प्रयोग से लोगों को राहत मिल सकेगी।
काशीपुर से नैनीताल जाने के लिए आपको डिपो में मैक्स कैब तैयार मिलेगी। इसकी बुकिंग डिपो में लगे काउंटर के साथ ही www.ukconline.uk.gov.in वेबसाइट पर भी बुकिंग की जा सकती है।
हालांकि मैक्स कैब के संचालन के लिए समय सारणी अभी तैयार नहीं हो सकी हैं। प्रभारी एआरएम मोहन राम आर्य ने बताया कि सालों से काशीपुर से नैनीताल जाने के लिए निगम की ओर से कोई बस की सुविधा नही थी।
कैब का किराया वही होगा, जो रोडवेज बस में लिया जाता है। पहले दिन कोई भी कैब नैनीताल या अन्य रूट पर नहीं गई।