काशीपुर/जसपुर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के पतरामपुर रेंज जसपुर में लकड़ी तस्करों द्वारा वनकर्मियों पर फायर झोंकने की घटना के बाद से खलबली मची है। वनकर्मी फायर झोंकने वाले तस्करों को चिह्नित करने में जुटे हैं। आरोपियों के चिह्नित होने के बाद उनके खिलाफ पुलिस में तहरीर दी जाएगी।
बुधवार देर रात पतरामपुर के करनपुर बीट में घुसकर तस्करों में सागौन का पेड़ काट दिया था। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों को देखकर तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में वनकर्मियों ने भी तस्करों पर फायर किए। दोनों तरफ से करीब छह राउंड फायरिंग हुई थी।
इस दौरान तस्कर वनकर्मियों को गच्चा देकर तस्कर होने में कामयाब रहे थे। वनकर्मियों ने पेड़ काटकर बनाए गए दो गिल्टों को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद से ही महकमे में खलबली मची है। रेंजर सुदर्शन ध्यानी ने बताया कि तस्करों को चिह्नित करने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है।
वनकर्मियों पर फायरिंग करने का मामला गंभीर है। इधर, एसडीओ कलम सिंह बिष्ट ने बताया कि तस्करों को चिह्नित करने के बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है। तस्करों ने केवल एक ही पेड़ काटा था।