काशीपुर। क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में हजारों लोगों ने भोले बाबा की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। मोटेश्वर महादेव मंदिर में सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं के साथ बड़ी तादाद में कांवड़ियों ने भी जलाभिषेक शिवलिंग में जल चढ़ाया। उधर, चैती मैदान में लगे मेले में भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की और झूलों का आनंद उठाया।
बृहस्पतिवार रात से ही मोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों की कतारें लगना शुरू हो गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए थे। चैती मैदान में लगे मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। मेले में खाने पीने, सामानों की दुकानों के साथ ही झूले लगे थे। लोगों ने झूलों के साथ ही ऊंट की सवारी का भी लुत्फ उठाया।
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, एसडीएम दयानंद सरस्वती, सीओ राजीव मोहन, कोतवाल काशीपुर ओमप्रकाश, आईटीआई थाना प्रभारी नरेश चौहान मंदिर, मेला परिसर में व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। इधर, नागनाथ मंदिर, बांसियोंवाला मंदिर, हरिशंकर, नीलकंठ मंदिर, चामुंडा मंदिर सहित अनेक मंदिरों में भी जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही।