रुद्रपुर। कैंसर, ट्यूमर, लीवर जैसे रोगों की जांचों के लिए लोगों को मोटी रकम खर्च करने के साथ जिले के चुनिंदा निजी जांच केंद्रों पर ही करनी पड़ती है। राहत की बात ये है कि जल्द ही राजकीय मेडिकल कॉलेज में इंटीग्रेटेड पैथोलॉजी लैब का निर्माण कराया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एक ही छत के नीचे बनने वाली इस लैब में मरीजों को कम दाम पर आधुनिक जांचों की सुविधा मिलेगी। लैब निर्माण को लेकर एनएचएम की टीम ने यहां का दौरा कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। विशेषज्ञों के अनुसार इंटीग्रेटेड लैब स्थापित होने से आम जांचों के अलावा तमाम तरह के खतरनाक वायरस के बारे में भी पता लगाया जा सकता है। लैब निर्माण के लिए 20 लाख की धनराशि स्वीकृत हुई है। ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से इसका निर्माण कराया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन की रुपरेखा के अनुसार इंटीग्रेटेड लैब के संचालन के लिए यहां माइक्रो बॉयलॉजिस्ट, लैब टेक्निशियन, बायोकेमिस्ट, पैथोलॉजिस्ट आदि विशेषज्ञों की तैनाती होगी। लैब में आधुनिक सुविधाएं लैस होंगी। लैब में न संक्रमण रोगों की जांच होगी बल्कि वायरस के संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों को लेकर विस्तृत शोध भी किया जाएगा। जिले की इस प्रकार की यह पहली लैब होगी जहां तमाम सरकारी अस्पतालों के लिए गए सैंपलों की भी जांचें होंगी। योजना के अनुसार लैब स्थापित करने के लिए पांच कक्षों का चयन भी कर लिया गया है।
वर्जन
लैब स्थापित होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। लैब में विशेषज्ञों व पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती को लेकर शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। लैब में घातक बीमारियों की जांच के लिए लोगों को बाहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। - प्रो. केएस शाही, विभागाध्यक्ष जनरल सर्जरी, राजकीय मेडिकल कॉलेज