खटीमा। ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के फील्ड स्टाफ की समीक्षा बैठक में प्रबंधक (पी एंड आई) डॉ. पीएस नागपाल के अनुपस्थित मिलने पर संघ के एमडी ने उनका सितंबर का वेतन रोक दिया है।
बैठक में शिरकत करते हुए एमडी प्रकाश चंद्र ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत दुग्ध उपार्जन करने को कहा। समीक्षा बैठक में एमडी ने डॉ. पीएस नागपाल प्रबंधक पी एंड आई के अनुपस्थित रहने पर उनके सितंबर माह के वेतन आहरण पर रोक लगा दी।
दुग्ध संघ के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उप निदेशक संजय उपाध्याय (डेयरी विकास विभाग उत्तराखंड) ने सभी क्षेत्र पर्यवेक्षकों को दुग्ध उपार्जन में शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपस्थित पंजिका का भी निरीक्षण किया।
प्रधान प्रबंधक संजय डिमरी से दुग्ध उत्पादन के उपार्जन संबंधी जानकारी ली। इधर, मामले में डॉ. पीएस नागपाल ने कहा कि वह डीएम की अनुमति लेकर अपने बच्चे का पेपर दिलवाने गए हैं। बैठक में क्या कार्यवाही हुई इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।