रुद्रपुर के मृतक राजू का फा इल फोटो।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सिडकुल में ट्रक से बैटरी चोरी के शक में ट्रक चालकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजन बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने दस ट्रक चालकों को हिरासत में लिया है। पिता की तहरीर पर पंतनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वार्ड नंबर दो नेताजी सुभाष कालोनी ट्रांजिट कैंप में गंगाराम कश्यप अपनी पत्नी सुशीला और दो बेटों राजू (24) और सचिन के साथ रहते हैं। पति-पत्नी सिडकुल की कंपनियों में काम करते हैं। बृहस्पतिवार रात दोनों की रात्रिकालीन ड्यूटी थी। घर पर दोनों भाई ही थे। रात करीब ढाई बजे किसी का फोन आने के बाद राजू घर से निकला था। शुक्रवार सुबह दो युवक राजू को अचेत हालत में घर ले छोड़ गए। युवकों ने बताया कि वोल्टास कंपनी के पास राजू अचेत पड़ा था। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ अमित कुमार, एसओ ट्रांजिट कैंप विनोद फर्त्याल सहित पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवक से कड़ी पूछताछ की और फिर युवकों को घटनास्थल पर भी ले जाया गया। छानबीन में चला चला कि राजू ट्रक से बैटरी चोरी करने का प्रयास कर रहा था। मृतक के भाई सचिन का कहना है कि भाई को किसी ने फोन कर वोल्टास फैक्ट्री के पास बुलाया था। ट्रक चालकों ने पीटकर उसकी हत्या की है।
नशे का आदी होने से पिटाई न झेल पाने से हुई मौत
रुद्रपुर। मृतक राजू मजदूरी करता था। वह नशे का आदी था। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि राजू ट्रक से बैटरी चोरी करने का प्रयास कर रहा था। वहां मौजूद चालकों ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीट दिया था। आरोपी भाग न जाए, इसलिए उसे पेड़ पर बांध दिया था। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि मृतक को बैटरी चोरी करने की कोशिश करते चालकों ने पकड़ लिया था और पिटाई की थी। नशा करने की वजह से राजू पिटाई को झेल नहीं पाया और उसकी मौत हो गई। मृतक पूर्व में जेल भी जा चुका है और इंजेक्शन सहित अन्य नशे करता था।
राजू को लेने गए दो युवकों की हुई पिटाई
रुद्रपुर। शुक्रवार की सुबह राजू को उसके दो दोस्तों ने किसी काम के लिए फोन किया था। पुलिस के अनुसार फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाकर राजू के वोल्टास कंपनी के पास होने की जानकारी दी थी। इसके बाद जब दोनों युवक मौके पर पहुंचे तो ट्रक चालकों ने उन्हें भी चोर समझकर पिटाई कर दी। अचेत हालत में पड़े राजू को उसके घर ले जाने के लिए कहा। जब युवक राजू को घर लेकर पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और कई घंटे तक दोनों युवक पुलिस की हिरासत में रहे। पुलिस के अनुसार दोनों युवक भी नशा करते हैं।