रुद्रपुर। पति से चल रहे विवाद की सजा एक महिला ने एक महीने की मासूम बच्ची को दी दी। वह अदालत परिसर में मासूम बच्ची को रोता छोड़कर चली गई। उसकी इस हरकत पर न सिर्फ परिजन बल्कि वहां मौजूद हर कोई हैरान रहकर उसे कोसता रहा। मासूम को लेकर उसका पिता अपनी मां के साथ अदालत परिसर में भटकते रहे और शाम को बच्ची को लेकर घर रवाना हो गए। मां से दूर होने के बाद मासूम का रोना नहीं थम रहा था।
पीलीभीत के गोपालनगर में रहने वाले धर्मवीर सिंह ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी शादी पुलभट्टा निवासी प्रेमवती से हुई थी। उसकी पत्नी तीन महीने की गर्भवती हुई तो दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। इसी दौरान प्रेमवती घर छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद पत्नी ने उसके खिलाफ रुद्रपुर के परिवार न्यायालय में वाद दायर कर दिया था। शनिवार को न्यायालय में वाद की चौथी सुनवाई थी।
उसका आरोप है कि न्यायालय परिसर में पहुंचते ही पत्नी ने मासूम को छोड़ दिया था। इसके बाद उसे वापस लेने नहीं आई। एक महीने की मासूम को लेकर वह शाम तक अपनी मां के साथ भटकता रहा। जब पत्नी बच्ची को लेने नहीं आई तो वह उसे लेकर घर रवाना हो गया।