काशीपुर। मामी से अवैध संबंधों के चलते सगे भांजे ने ही बृजमोहन की हत्या की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पत्थर से चोट पहुंचाने और गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बृजमोहन की पत्नी और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी के खिलाफ हत्याकांड का षड्यंत्र रचने और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 20 मई की रात करीब 11 बजे ग्राम गोपीपुरा स्थित खाली खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला था। उसकी शिनाख्त गोपीपुरा निवासी बृजमोहन (31) पुत्र शिवचरन सिंह के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार 20 मई की शाम बृजमोहन घर के पास लगे फ्रीजर से ठंडा पानी लाने की बात कहकर निकला था लेकिन वापस नहीं आया। उसका शव फ्रीजर के पास खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट और गले में रगड़ के निशान थे। पुलिस ने बताया कि बृजमोहन के भाई बुद्ध सिंह ने अपने सगे भांजे सौरभ पर हत्या करने का शक जताते हुए तहरीर दी थी।
पुलिस और एसओजी की टीम ने सौरभ को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या का जुर्म कबूल लिया। पुलिस के अनुसार सौरभ ने बताया कि मार्च 2021 से मामी प्रीति उर्फ लाडो से उसके अवैध संबंध थे। बृजमोहन अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। मामा को दोनों के संबंधों के बारे में भनक लग गई थी। 20 मई की शाम उसने मामा को शराब पीने के लिए खेत पर बुलाया और नशे की हालत में सिर पर पत्थर मारकर और लोअर (पायजामा) से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से शराब के गिलास और खाली बोतल बरामद की है।
बृजमोहन और प्रीति ने किया था प्रेम विवाह
काशीपुर। पुलिस के अनुसार शिवचरन हेमपुर डिपो से ही रिटायर हुए थे और बृजमोहन भी हेमपुर डिपो में मजदूरी करता था। वर्ष 2005 में बृजमोहन का गोपीपुरा में ननिहाल में रह रही मुरादपुर, हापुड़ (यूपी) निवासी प्रीति कौर से प्रेम विवाह हुआ था। उसका एक बेटा और बेटी है। संवाद
ऐसे शक के दायरे में आई पत्नी
काशीपुर। वारदात के बाद प्रीति की भूमिका ने उसे शक के दायरे में ला खड़ा किया। वह बार-बार पुलिस अधिकारियों को फोन कर पति का पोस्टमार्टम न कराने की गुहार लगाती रही। वह इसे दुर्घटना बता रही थी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हत्या का षड्यंत्र रचने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में पत्नी का चालान किया गया है। संवाद
शराबी बन गया था सौरभ
काशीपुर। पूछताछ में सौरभ ने कहा कि मामी की चाहत में ही वह शराब पीना सीख गया था। मामी के पास आने बहाने वह मामा को शराब पिलाने लगा और खुद भी साथ बैठने लगा। पहले भी दो बार सौरभ की अपने मामा के साथ कहासुनी हो चुकी थी लेकिन सगा भांजा होने की वजह से बृजमोहन ने इसे कभी गंभीरता से नहीं लिया। संवाद
फोटोग्राफर प्रमोद बंटी को किया सम्मानित
काशीपुर। फोटो और वीडियोग्राफी में सहयोग करने के लिए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने काशीपुर के स्वतंत्र फोटोग्राफर प्रमोद उर्फ बंटी को एक हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी है। संवाद
पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम
काशीपुर। वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, धीरेंद्र परिहार, नवीन बुधानी, रुबी मौर्या, एसओजी प्रभारी रविंद्र सिंह बिष्ट आदि थे। संवाद