रुद्रपुर कलक्ट्रेट में प्रशिक्षण लेते अधिकारी। सू.वि.
रुद्रपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और निर्बाध रूप से पूरा कराने के लिए सभी आरओ व एआरओ को प्रशिक्षित किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने सभी को नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच व चुनाव चिह्न आवंटन आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नामांकन कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने और अपने अधीनस्थ स्टाफ को भी तैनात करने के लिए कहा।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सीडीओ दिवेश शाशनी ने कहा कि सभी आरओ, एआरओ हस्तपुस्तिका का अच्छे से अध्ययन कर लें। नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच व प्रतीक चिह्न आवंटन में सावधानी बरतें। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण निर्वाचन कराना सबका दायित्व है। सभी तटस्थ होकर कार्य करें।
मास्टर ट्रेनर नरेश चंद्र दुर्गापाल और डीडीओ सुशील मोहन डोभाल ने बताया कि नामांकन पत्रों को लेते समय अच्छी तरह से देखकर जमा कराएं और पत्रों को जमा करते तिथि और समय का अनिवार्य रूप से अंकन हो।
जिला पंचायत सदस्य को छोड़ अन्य नामांकन ब्लॉक कार्यालय में होंगे
ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य के नामांकन विकास खंड में व जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन जिला पंचायत कार्यालय में होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि आरओ, एआरओ अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे। वहां मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एसडीएम जसपुर सीएस चौहान, आरओ आनंद सिंह नेगी, संजय कुमार छिमवाल, भूपेंद्र सिंह रावत आदि थे।