रुद्रपुर। नकली व अवैध औषधियों की रोकथाम के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई की। औषधि विभाग की टीम ने प्रीत विहार स्थित मैसर्स आरएस ग्लोबल फार्मा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फर्म में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जन स्वास्थ्य और जन कल्याण को ध्यान में रखते हुए टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति कर दी है।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधम सिंह नगर नीरज कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा, औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, औषधि निरीक्षक मुरादाबाद और औषधि निरीक्षक संभल भी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि फर्म में दवाओं के भंडारण, रिकॉर्ड रखरखाव और लाइसेंस संबंधी मानकों में खामियां मिली हैं।
नकली और बिना बिल की दवाओं की बिक्री की भी आशंका जताई गई है। आगे नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि नकली और अवैध दवाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि दवा खरीदते समय बिल और बैच नंबर अवश्य जांचें।