महल सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरजीत सिंह काला की शूटरों ने कनाडा के शहर ब्रैम्पटन में गोली मारकर हत्या कर दी है। हरजीत की हत्या के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि हरजीत सिंह की हत्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उसके खिलाफ काशीपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज था और इनाम भी घोषित था।
महल सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरजीत सिंह उर्फ काला (50) की कनाडा के ओंटारियो प्रांत के एक शहर ब्रैम्पटन में शूटरों ने गोली मार कर हत्या कर दी है। सोशल मीडिया पर उसकी हत्या का वीडियो वायरल है। जिसमें बताया जा रहा है कि शूटरों ने हाउस ऑफिस के पास हरजीत को गोली मारी है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। वह अपने पीछे माता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है। आरोपी पर काशीपुर कोतवाली में यूएपीए, 386, 302 आदि में मुकदमें दर्ज थे। उस पर इनाम भी घोषित था। बृहस्पतिवार को कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर हरजीत सिंह काला की गोली मारकर हत्या की पोस्ट वायरल है।
स्टोन क्रशर के लिए की थी हत्या
हरजीत काला महल सिंह के स्टोन क्रशर में पार्टनरशिप चाहता था। लेकिन महल सिंह ने हरजीत काला के साथ पार्टनरशिप करने से मना कर दिया था। जिसके बाद हरजीत काला ने खुद अपना स्टोन क्रशर शुरू करने के लिए भारत में अपने राइट हैंड पन्नू को जिम्मेदारी सौंपी। पन्नू भी जल्द पैसे कमाने की लालच में था। इसी लिए जब हरजीत काला का पन्नू को यह ऑफर मिला तो उसकी महत्वाकांक्षाएं और बढ़ने लगीं। इसके चलते वह स्टोन क्रशर खोलने के लिए जमीन तलाशने लगा। लेकिन महल सिंह यहां फिर उनके आड़े आ गया और उसने इनकी स्टोन क्रशर की कार्रवाई पर अड़ंगे लगाने शुरू कर दिए। जिस वजह से हरजीत काला और पन्नू अपना स्टोन क्रशर शुरू नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद कनाडा में रह रहे हरजीत काला ने महल सिंह की हत्या की साजिश रची।
सोशल मीडिया से हरजीत सिंह काला की हत्या की जानकारी सामने आई है। इस मामले में एनआईए से जानकारी ली जाएगी। अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर