काशीपुर। पूर्वांचल के लोगों के छठ पर्व की स्थली महादेव नहर इन दिनों गंदगी और कूड़े से पटी पड़ी है। नहर में जगह-जगह पॉलीथीन, घरेलू कचरा और सिल्ट जमा हो गया। नियमित सफाई नहीं होने पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
बीते एक अक्तूबर को नगर निगम ने मेयर दीपक बाली की अगुवाई में नहर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया था। जेसीबी और कर्मचारियों की मदद से नहर से कचरा निकाला गया था लेकिन नियमित सफाई और निगरानी फिर वहां गंदगी का अंबार लग गया है। दिवाली के ठीक बाद लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया जाएगा। हर साल काशीपुर में सैकड़ों व्रती परिवार महादेव नहर के घाटों पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में नहर की गंदगी को लेकर व्रतियों में चिंता है।
स्थानीय निवासी अनीता, कमला देवी आदि का कहना है कि नहर में मोहल्ले के कुछ लोग कूड़ा फेंक देते हैं। कई बार शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों ने प्रशासन से छठ पर्व से पहले नहर की पूरी सफाई, घाटों की मरम्मत और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
नगर निगम की ओर से महादेव नहर की सफाई कराई जाएगी। स्थानीय लोगों को नहर में कूड़ा और गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। - दीपक बाली, मेयर, काशीपुर