देवरिया में एनएच पर बने टोल प्लाजा बैरियर पर 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्र के लोगों के लिए टोल माफ करने की मांग को लेकर रुद्रपुर व किच्छा के बीच चलने वाले मैजिक वाहन व आटो रविवार सुबह 7 बजे से 12 बजे तक नहीं चले। इस रूट पर वाहनों के नहीं चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार सुबह कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरीश पनेरू की अगुवाई में दर्जनों वाहन चालक रुद्रपुर रोड पर स्थित मैजिक स्टैंड पर एकत्र हुए। यहां पर पनेरू ने कहा कि रुद्रपुर व किच्छा के बीच में सैकड़ों किसान व व्यापारी रहते हैं। उनका दिन में कई कई बार इस रूट पर आना-जाना रहता है। कहा कि इस रूट पर टोल लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि इस परिधि में आने वाले 10 किमी क्षेत्र के लोगों का टोल माफ होना चाहिए। रोडवेज की बसों की इस रूट पर संख्या कम होने के कारण यात्री परेशान रहे। यहां पर रजा सलमानी, शरीफ अहमद, अश्विनी मसीह, रमेश, पप्पू, फिरदौस आदि थे। ब्यूरो