लैब में जांच पूरी होने के बाद मैगी नमूनों के फेल होने की पुष्टि हो चुकी है। मगर आठ दिन बाद भी जिला खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इससे फैक्ट्री को नोटिस देने की कार्रवाई अब तक नहीं की जा सकी है। विभाग भी रिपोर्ट अब तक न मिलने से हैरान है।
गौरतलब है कि देशभर में मैगी नमूनों की जांच के बाद तीस मई को सिडकुल पंतनगर स्थित मैगी निर्माता नेस्ले फैक्ट्री से भी नमूने जुटाए गए थे। इसके अलावा प्रदेशभर से लैब में आए 55 नमूनों की जांच 14 जून को पूरी हुई। लैब प्रभारी अधिकारी/सीएमओ ऊधमसिंह नगर डा. एचके जोशी ने उसी दिन 21 नमूनों के फेल होने की पुष्टि की थी। नियमानुसार लैब से जांच रिपोर्ट खाद्य सुरक्षा आयुक्त के अलावा संबंधित जिलों के जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भेजी जाती है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ही रिपोर्ट देखने के बाद फैक्ट्री/प्रतिष्ठान प्रबंधन को नोटिस भेजने की कार्रवाई करता है। नोटिस के तीस दिन के भीतर प्रबंधन को जवाब देना होता है।
जवाब से संतुष्ट न होने पर अधिकारी सक्षम अदालत में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत वाद दायर करते हैं, लेकिन नमूने फेल होने की सूचना सार्वजनिक होने के आठ दिन बीत चुके हैं। मगर अब तक जिला खाद्य सुरक्षा विभाग को रिपोर्ट नहीं मिल सकी है। इससे फैक्ट्री को अब तक नोटिस नहीं भेजा जा सका है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सिंह सयाना ने बताया कि रिपोर्ट मिलने पर उसका अध्ययन किया जाएगा। उसके बाद नोटिस थमाकर जवाब मांगा जाएगा। इधर, लैब प्रभारी अधिकारी जोशी ने बताया कि एक दो दिन के भीतर रिपोर्ट पहुंच जाएगी।