एंटीमाइनिंग, जंगलात की टीम ने कोसी, दाबका नदी खनन क्षेत्र में औचक छापेमारी की। इस दौरान माफिया एंटीमाइनिंग टीम पर हमला कर अवैध खनन से भरे एक डंपर को छुड़ा ले गए। मारपीट में वन निगम के सेक्शन ऑफिसर घायल हो गए। माफिया के समर्थक एक वन कर्मचारी का मोबाइल छीनकर ले गए। इस मामले में बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के एसडीओ बीएस शाही के अनुसार रविवार को एंटीमाइनिंग, वन विभाग, निगम की संयुक्त टीम ने कोसी, दाबका के खनन क्षेत्र में औचक छापेमारी शुरू की। इस दौरान दो ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ कर सीज कर दी। टीम ने अवैध खनन से भरे एक डंपर को रोक कर कब्जे में ले लिया। डंपर को पकड़कर उसे पुलिस चौकी लाते समय डंपर मालिक, माफिया एकत्र होकर आ धमके। माफिया ने एंटीमाइनिंग, वन, निगम टीम पर हमला बोल दिया।
वन कर्मचारियों को उतारकर माफिया डंपर लेकर फरार हो गया। माफिया ने मारपीट कर निगम के सीनियर सेक्शन ऑफीसर गिरीश पांडे को घायल कर दिया और वन निगम के कर्मचारी त्रिलोक मर्तोलिया का मोबाइल छीनकर फरार हो गए। टीम में एसडीओ बीएस शाही, बन्नाखेड़ा रेंजर नवीन पंवार, विजेंद्र अधिकारी, शेखर तिवारी आदि थे। पुलिस चौकी बन्नाखेड़ा इंचार्ज योगेश दत्त ने बताया कि वन विभाग ने तहरीर दी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई है। आरोपी घर से फरार बताया गया है।