रुद्रपुर। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधीन आने वाले भदईपुरा और फुलसुंगा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने की कवायद शुरू हो गई है।
इसके तहत उप केंद्र भदईपुरा में एलटी (लो टेंशन) लाइन का निर्माण होगा। ट्रांसफार्मर से घरों को बिजली पहुंचाने के लिए लाइन बिछेगी। बताया गया है कि भदईपुरा उप केंद्र क्षेत्र में प्रवर्तकों की क्षमता में भी वृद्धि की जाएगी ताकि लोगों को सुचारु रूप से बिजली मिल सके।
विद्युत वितरण खंड फुलसुंगा पोषक में करंट लीकेज को रोकने और आग लगने के खतरे को कम करने के लिए इंसुलेटेड केबल लगाई जाएगी। इंसुलेटेड केबल पर्यावरणीय नमी और गर्मी से सुरक्षा प्रदान करती है। उच्च वोल्टेज को भी संभालने में सक्षम होती है। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती ने बताया कि दोनों कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 27 फरवरी दोपहर 12 बजे तक निविदा डाली जा सकती है। 28 फरवरी को दोपहर 12 बजे निविदा खोली जाएगी। निविदा आवंटी ठेकेदार से अनुबंध गठित होने के बाद एलटी लाइन का निर्माण और अन्य कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।