रुद्रपुर। एक युवती से स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एसएसपी ने पीड़िता की शिकायत पर गदरपुर पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गदरपुर निवासी गीता रानी ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में एसएसपी मणिकांत मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा। उसने बताया कि कनाडा जाने के लिए गदरपुर के रहने वाले एक युवक से स्टडी वीजा की फाइल लगवाई थी। युवक को 11 लाख रुपये दिए थे लेकिन उसका वीजा नहीं बना था।
इसके बाद गदरपुर थाने में शिकायती पत्र दिया था लेकिन तत्कालीन एसओ ने 10 फरवरी 2024 को उनका राजीनामा करा दिया था। राजीनामा में उक्त युवक ने पूरे रुपये लौटाने का आश्वासन दिया था लेकिन केवल तीन लाख रुपये ही लौटाए गए।
शेष आठ लाख रुपये मांगने पर युवक टालमटोल कर रहा है। गीता ने एसएसपी से युवक पर कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है।