बीज प्रमाणीकरण संस्था अध्यक्ष ने सड़क और पुल निर्माण में बरती जा रही ढिलाई पर नाराजगी जताई है। बुधवार को संस्था तिलक राज बेहड़ ने लोक निर्माण विभाग का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्वयं की ओर से स्वीकृत कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। रुद्रपुर से तीन पानी डैम तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण और पुल निर्माण की सुस्त गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मार्ग में जाम आए दिन लगता है ऐसे में मार्ग का निर्माण शीघ्र होना चाहिए। कहा कि अफसर सुस्त रवैये त्यागकर तेजी से निर्माण कार्य कराएं और गुणवत्ता का भी ख्याल रखें।
इसके अलावा फाजलपुर महरौला की सड़क, छतरपुर में हत्यारी नदी पर पुलिया निर्माण, गदरपुर ब्लाक की जाफरपुर-दिनेशपुर मार्ग के चैनल तक नाला निर्माण की समीक्षा की गई। पाया गया कि टेंडर होने के बाद भी विकास कार्यों में गति नहीं आ पाई है। इसके अलावा बेहड़ ने दिनेशपुर-मटकोटा मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी अफसरों को दिए। वहां जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार आदि मौजूद थे।