नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने पहुंची सिख संगत।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। लोहड़ी, अमावस्या पर्व पर हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के दरबार में मत्था टेका और गुरु महाराज से परिवार की सुख-शांति की अरदास की। श्रद्धालु डेरा कारसेवा पहुंचे और मकर संक्रांति पर्व पर दान पुण्य किया। उन्होंने संतों से आशीर्वाद प्राप्त कर धर्मलाभ कमाया।
बुधवार को लोहड़ी, मकर संक्रांति और अमावस्या पर्व के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर श्री हरमिंदर साहिब के दरबार में मत्था टेका। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाकर पंजा साहिब के दर्शन किए। श्री हरमिंदर साहिब के दरबार में अपने परिवार की सुख-शांति की अरदास की और प्रसाद ग्रहण किया। पर्व के उपलक्ष में पंथ के प्रसिद्ध रागी, ढांढ़ी, कविसरी, कथावाचकों तथा हजूरी रागी जत्थे ने संगत को सिखी, गुरुओं की वाणी, कथा व इतिहास सुनाकर निहाल किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई थी। पर्व के उपलक्ष्य में लगे मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी भी की। श्रद्धालुओं ने धार्मिक डेरा कारसेवा पहुंचकर संतों से आशीर्वाद ग्रहण कर धर्मलाभ कमाया। वहां संत बाबा बचन सिंह, बाबा तरसेम सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव धन्ना सिंह, महेंद्र सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक रणजीत सिंह, बलदेव सिंह चीमा, रंजीत सिंह ढिल्लों, दारा सिंह, दिलबाग सिंह, निरवैर सिंह संधू आदि थे।