रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित वायरोलॉजी लैब।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले के कोरोना संदिग्धों के सैंपलों को अब आरटीपीसीआर जांच के लिए दिल्ली और गुरुग्राम (हरियाणा) भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आईसीएमआर की स्वीकृति के बाद शनिवार को रुद्रपुर स्थित वायरोलॉजी लैब में आरटीपीसीआर जांच के लिए पोर्टल लॉगिन के लिए आईडी और पासवर्ड जारी हो गया है। पोर्टल में जांच रिपोर्ट के रिजल्ट अपलोड किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, माइक्रो बायोलॉजिस्ट डॉ. हर्षा शर्मा को एडमिन बनाया जा सकता है। इसके साथ ही लैब में बतौर साइंटिस्ट डॉ. अंकुर राणा तैनात रहेंगे। नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि सोमवार से लैब में आरटीपीसीआर से कोरोना संदिग्धों के सैंपलों की जांच शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सोमवार को रुद्रपुर में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत लैब में आरटीपीसीआर से कोरोना जांच का शुभारंभ कर सकते हैं।