सितारगंज। गोवा क्लब में हाल ही में हुए अग्निकांड को गंभीरता से लेते हुए सितारगंज में पुलिस, अग्निशमन विभाग व खुफिया विभाग ने संयुक्त रूप से होटलों, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अग्निशमन उपकरणों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा, पानी की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई। जांच दल ने आपातकाल के लिए हमेशा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रतिष्ठान संचालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने की सलाह दी।
अधिकारियों ने बताया कि होटल, रेस्तरां, वाणिज्यिक भवनों और भीड़भाड़ वाले स्थलों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जांच दल में कोतवाल सुंदरम शर्मा, अग्निशमन अधिकारी दुर्गा सिंह भण्डारी, एलआईयू इंचार्ज भास्कर बड़ोला शामिल रहे।