कांग्रेस हाईकमान विधानसभा चुनाव में टिकट मांगने वाले दावेदारों पूरी कसरत करा रहा है। इसी क्रम में हाईकमान ने दावेदारों से विधानसभा में पड़ने वाले प्रत्येक बूथ से पांच लोगों के नाम और उनके मोबाइल नंबर मांगे गए हैं। बूथों से लोगों के नाम एकत्र करने में दावेदारों के खूब पसीने छूट रहे हैं।
काशीपुर विधान सभा में 170 बूथों में प्रत्येक दावेदार को साढ़े आठ सौ नामों की सूची भेजनी है। मंगलवार को अंतिम दिन होने की वजह से दावेदार सूची तैयार कर उसे भेजने में जुटे रहे। दरअसल हर विधानसभा में कांग्रेस से टिकट मांगने वालों की लंबी सूची है। दावेदार अपना टिकट पक्का करवाने के लिए दौड़ भाग के साथ ही आला नेताओं की गणेश परिक्रमा कर रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान टिकट देने से पहले दावेदारों के जनाधार को परखने की कोशिश में है।
स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी दावेदारों को अपने विधानसभा में प्रत्येक बूथ से पांच लोगों के नाम और मोबाइल की सूची मंगलवार तक भेजने के निर्देश दिए हैं। जिससे उनकी बूथों में पकड़ का अंदाजा लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि सूची नहीं भेजने वाले दावेदार तो टिकट की दौड़ में पहले राउंड में बाहर हो जाएंगे। जिससे टिकट फाइनल करने में आसानी होगी।
काशीपुर विधानसभा से भी तकरीबन एक दर्जन दावेदारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। आलाकमान के निर्देश के बाद दावेदार भी सूची तैयार करने में जुटे रहे। इसके लिए उन्हें खूब पसीना बहाना पड़ा। सूची के लिए संपर्क से बाहर हो चुके लोगों से भी अरसे बाद संपर्क साधा गया। कई दावेदारों ने सोमवार को दिन भर मशक्कत से सूची तैयार कर कांग्रेस मुख्यालय देहरादून को भेज दी है।