बाजपुर में बारिश से खेत में गिरी गेहूं की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
तराई में सोमवार को मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ कुछ देर की तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। बारिश के साथ दो-तीन मिनट तक ओले भी गिरे। हालांकि हल्की ओलावृष्टि से अधिकारी फसलों को नुकसान नहीं होने की बात कह रहे हैं। इधर, किसान खेत में कटे गेहूं को थोड़ा नुकसान होने का अंदेशा जता रहे हैं।
सोमवार शाम करीब तीन बजे अचानक आसमान बादलों से घिर गया और तेज हवाएं चलने लगी। इसके बाद बारिश और फिर ओले गिरे। महज पांच-सात मिनट तक तेज बारिश और दो-तीन मिनट तक ओले गिरने के बाद बारिश बंद हो गई थी। अचानक बारिश होने से खेत में पककर खड़ी गेहूं की फसल को लेकर किसानों के माथे पर बल आ गया। बगवाड़ा के किसान विक्रमजीत सिंह ने बताया कि खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार है। राहत की बात है कि बारिश कम हुई है लेकिन फसल को थोड़ा नुकसान हुआ है। छतरपुर निवासी ठाकुुर जगदीश सिंह ने बताया कि बारिश हल्की थी, लिहाजा आसपास के क्षेत्रों में फसल को नुकसान नहीं हुआ है। जिला कृषि अधिकारी अभय सक्सेना ने बताया कि हल्की बारिश और हल्की ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान नहीं है, जहां तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई होगी, वहां नुकसान होगा।
अंधड़, बारिश में मकान पर पेड़ गिरा, महिला सहित दो चोटिल
बाजपुर। अंधड़ और बारिश से क्षेत्र में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। बन्नाखेड़ा और बेरिया दौलत क्षेत्र में ओले भी पड़े। वहीं, गांव जोगीपुरा निवासी मोहन लाल कांबोज के मकान की छत पर यूके लिप्टिस का पेड़ गिर गया। इस दौरान आंगन में बैठे मोहन लाल की बहन आत्मा देवी और बहनोई भगवानदास चोटिल हो गए। इधर, गांव गोबरा क्षेत्र में भी दो पेड़ गिरने की सूचना है, हालांकि रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रपाल ने बारिश और अंधड़ से किसी भी तरह का नुकसान होने से इनकार किया है। भाकियू नेता दलजीत सिंह रंधावा, किसान बल्देवराज शर्मा ने बताया कि बारिश से गेहूं की फसल गिरी जरूर है लेकिन ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। अब गेहूं की फसल की कटाई में थोड़ी देरी हो सकती है।
खटीमा में लाइन पर गिरा पेड़, दो घंटे से अधिक बिजली गुल
खटीमा। तेज हवा के साथ बारिश और हल्की ओलावृष्टि से क्षेत्र में करीब डेढ़ से ढाई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। लोहियाहेड के जंगल में इंडस्ट्रीज फीडर की 33 केवी लाइन पर पेड़ गिर गया। ऊर्जा निगम के कर्मियों ने शाम करीब 6:30 बजे पेड़ हटाकर आपूर्ति सुचारु कराई। वहीं, ग्रामीण फीडरों की लाइनों पर पकड़िया और बिगराबाग के पास भी फाल्ट आए। जेई पवन उप्रेती ने बताया कि लोहियाहेड के जंगल में इंडस्ट्रीज फीडर की लाइन में गिरे पेड़ को हटाकर आपूर्ति सुचारु करा दी है। ग्रामीण फीडरों में शाम करीब 5:30 बजे तक आपूर्ति सुचारु हो गई थी। वहीं, बारिश के कारण गेहूं की फसल को आंशिक नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्राम अमाऊं के किसान उमेश सिंह राणा ने बताया कि उनकी कटी हुई गेहूं की फसल भीग गई है। इसी तरह क्षेत्र के चकरपुर, झनकट, चारूबेटा, मेलाघाट सहित अधिकतर ग्रामीण क्षेत्र में किसानों ने गेहूं की फसल काटनी शुरू कर दी थी। जगह-जगह किसानों की फसल खेत में पड़ी है। इधर, तेज हवाएं चलने से उड़ी टिन की चादर की चपेट में आने से कंचन देवी (22) पत्नी मुकेश घायल हो गई। उसका अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया गया।