मेडिकल स्टोर में दवाओं की जांच करती औषधी निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट।
- फोटो : अमर उजाला
औषधि अनुज्ञापन अधिकारी कुमाऊं मंडल हेमंत सिंह नेगी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट एवं डा. सुधीर कुमार की टीम ने नगर के आधा दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर दवा और दस्तावेजों की जांच पड़ताल की। खामियां मिलने पर टीम ने एक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति करने के साथ ही दो मेडिकल स्टोरों पर एक माह तक दवा वितरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को टीम ने गुरुनानक मेडिकल एजेंसी, कुमार मेडिकल एजेंसी, गोल्डन मेडिकल, दशमेश मेडिकल एवं कुमार मेडिकल का निरीक्षण कर खरीद-फरोख्त का ब्योरा तलब करते हुए एक सप्ताह के अंदर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा है। छापेमारी की कार्रवाई से कुछ मेडिकल स्वामी अपनी दुकानें बंद कर चले गए।
इस दौरान सुगंध मेडिकल स्टोर में खामियां मिलने पर टीम ने उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की साथ ही आनंद और अमित मेडिकल स्टोर पर एक माह तक दवा वितरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में काफी समय से प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री होने की शिकायतें मिल रही थी। जिस पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी की गई। वहां पर एसआई गणेश दत्त भट्ट, दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष रोशन लाल सुखीजा, बलदेव गाबा, सुरेश छाबड़ा, विनोद कुमार आदि थे।