सिडकुल क्षेत्र की रिवर क्रेस्ट कॉलोनी में दिखा तेंदुआ। स्रोत: वीडियोग्रैब
रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र स्थित रिवर क्रेस्ट कॉलोनी में सोमवार देर रात तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई। डाबर कंपनी के पास कॉलोनी में तेंदुआ घूमने की सूचना मिलते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ स्थानीय लोगों ने तेंदुए का वीडियो भी बना लिया। वन विभाग ने लोगों से रात के समय बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ कुछ देर तक कॉलोनी के आसपास घूमता रहा। इससे रात में टहलने वाले लोगों और बाहर मौजूद परिवारों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी और आसपास के लोगों को भी सतर्क किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिडकुल क्षेत्र के आसपास जंगल होने के कारण यहां पहले भी जंगली जानवरों की आवाजाही होती रही है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की निगरानी करने और उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेजने की मांग की है।
वर्जनतेंदुआ आने सूचना मिली थी। क्षेत्र टांडा जंगल से सटे होने के कारण अक्सर वन्यजीव क्षेत्र में आ जाते हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों से अपील है कि रात के समय बाहर निकलने से बचें। -शशि देव, एसडीओ, तराई केंद्रीय वन प्रभाग